Friday, February 22, 2019

दोस्ती ज़िंदाबाद

अनंग नाम था उसका। नाम का अर्थ ढूंढें तो कामदेव। कामनाओं और विषय वासनाओं में आसक्ति रखने वाला। पर वो इसका उलट था। उसकी आसक्ति विषय वासनाओं में नहीं गणित विषय में थी। सहपाठियों के बीच गणित विषय में वो उदयपुर का रामानुजन कहा जाता था। हालांकि ये थोड़ी बड़ी उपमा हो जाएगी पर चूँकि इसमें 'उदयपुर का' विशेषण जुड़ा है तो इसे लगभग न्यायसंगत कहा जा सकता है। अपने सामने इस उपमा का प्रयोग करने पर अनंग नाराज़ हो जाता था। वो लगभग डांटने वाले अंदाज़ में बोल उठता - ' तुम सूरज की तुलना दिये से कर रहे हो।  बल्कि सूरज की तुलना लप झप करने वाले छुटकू बल्ब से कर रहे हो जो दिवाली वगैरा के टाइम झालर में लगता है। '

सच में वो रामानुजन को भगवान मानता था। और वो गलत कहाँ था। रामानुजन तो गणित के देवता ही थे। पर अनंग का गणित को लेकर पैशन कम नहीं था। ऐसे में उसे लोग उदयपुर का रामानुजन कहकर उसके गणित प्रेम को ही एक तरह से उजागर कर ही रहे थे , और साथ में रामानुजन को भी एक तरह से श्रद्धांजलि ही दे रहे थे। 
अनंग गणित में अच्छे नंबर ले आता था।  बल्कि एकाध बार तो वो पूरे में से पूरे नंबर भी ले आया था। बाकी विषयों में उसकी कोई खास दिलचस्पी नहीं थी, पर ठीक ठाक नंबर आ जाते थे। उसे भी बाकि बच्चों की तरह घरवालों ने 10 वीं के बाद ही कोटा भेज दिया था ताकि वो  एंट्रेंस टेस्ट के ज़रिये आईआईटी में दाखिला ले सके। वहां उसका मामला बैठा नहीं। कोटा जाने के महीने भर बाद ही फ़ोन पर उसकी कोटा में रहने को लेकर अनिच्छा बातों बातों में प्रकट  होने लगी। जैसे खाना बहुत गन्दा है। फैकल्टी परेशान करती है। यहां का पानी सूट नहीं हो रहा। रोज़ पेट में दर्द रहता है। यहां का मौसम अजीब है, वगैरह वगैरह।
पर घर वाले उसे मोटीवेट करते रहे। उसमें उन्हें भविष्य का आईआईटीयन जो नज़र आ रहा था। हालाँकि बाद में धीरे धीरे उस आईआईटीएन की शक़्ल धुंधला रही थी।
आखिर में अनंग के साथ वही हुआ जो कोटा जाने वाले ज़्यादातर बच्चों के साथ होता है। उसका आई आई टी में नहीं हुआ।  वो डमी स्कूल से कोटा में रहकर 12 वीं कर वापस घर आ गया।  उसने जब यहाँ आकर विश्वविद्यालय में बीएससी मैथमैटिक्स में एडमिशन लिया तो वो बहुत ख़ुश हुआ। घर वालों को उसकी ख़ुशी समझ नहीं आई। पर बात ये थी कि गणित से उसका प्यार अनकंडीशनल था। अब वो अपने प्यार को जैसे पुनः पा गया था , उसके और प्यार के बीच अब अपेक्षाओं का भार नहीं था। करियर के  लिहाज़ से कह सकते हैं कि मन ही मन वो गणित का प्राध्यापक बनना चाहता था।
पर वो बाद की बात थी और इस पर उसने एकाध बार से ज़्यादा नहीं सोचा था।
जहां गणित उसकी ख़ासियत थी , वहीं गणित ही उसकी कमज़ोर नस भी थी। उसे बाकी किसी में कोई ख़ास दिलचस्पी नहीं थी।

कॉलेज में गणित , लाइब्रेरी , प्रोफ़ेसर्स और एकाध दोस्त के बीच दिन गुज़रते रहे और वो दूसरे साल में भी प्रवेश कर गया। 

ये क्या दिन था कि उसके दोस्त सुमित ने आज उसे ख़ूब ढूंढने की कोशिश की, पर वो कहीं नहीं मिला। उसका मोबाइल स्विच्ड ऑफ आ रहा था। अनंग के घरवाले तो और भी परेशान थे। क्या पता वो अपनी पढ़ाई को लेकर परेशान हो। पिछले कुछ अरसे से वो कुछ ज़्यादा ही चुप्पा हो गया था। वैसे बीएससी में ये उसका दूसरा साल था और ऐसा लगता था कि वो अपनी पढाई को एन्जॉय कर रहा है। फिर भी जवान लड़के के मन में क्या चल रहा है कुछ कह नहीं सकते।  'कहीं लड़का कोई उल्टा कदम न उठा ले' ये आशंका उनको  सताए जा रही थी। उनके हिसाब से पिछले कुछ समय से अनंग ने 10 वीं और 12 वीं के बच्चो को गणित का ट्यूशन पढ़ना शुरू किया था, इससे उसकी जेब में कुछ पैसे ज़रूर आ गए थे पर हो सकता था इससे उसे अपनी पढाई का समय मैनेज करने में परेशानी महसूस हो रही हो।   

ख़ैर वो शाम को घर आ गया। उसके चेहरे पर हताशा का कोई निशान नहीं था। बल्कि वो निश्चिन्त ही लग रहा था। एक एंगल से ख़ुश जैसा। घर वालों को इस बार फिर उसकी ख़ुशी समझ नहीं आई पर उन्होंने राहत की साँस ली। फिर भी मां से रहा न गया तो पूछ बैठी ' खुश हो ? 'ख़ुश ही नहीं बल्कि क्लाउड 9 पर हूँ' अनंग ने जवाब दिया हालांकि उसके जवाब में क्लाउड 9 जैसी कोई बात नहीं लग रही थी। पर ख़ैर घरवाले निश्चिन्त से हो गए।

वो आज देर तक तन्वी के साथ था। और दोनों ने लेमन टी पी थी। तन्वी उसके कॉलेज में ही थी। उसकी हमउम्र। अब तक उसकी दोस्त। पर आज वो दोस्ती और प्यार को पृथक करने वाली रेखा लाँघ गया था।   
तन्वी से उसे प्यार हो गया था। आप सोचेंगे कि प्यार तो उसे गणित से था तो ये तन्वी कहाँ से बीच में आ गयी ? बात ये थी कि गणित से उसका प्यार मां और बेटे के प्यार जैसा था। वो गणित को मां मानता था। उसे लगता, गणित हम सबकी आदि माई है। और तन्वी से उसके प्यार से गणित के प्रति उसके आदर और सम्मान के साथ प्यार में क्या कमी आएगी!
तन्वी से उसकी जान पहचान सुमित के ज़रिये हुई थी। सुमित और तन्वी दोनों एक दूसरे को चाहते थे। आलम ये था कि कॉलेज में अगर सुमित और तन्वी दोनों नहीं दिखाई दे रहे हैं तो इसका मतलब वे फ़तेहसागर के किसी तन्हा कोने पर बैठे हैं। अनंग सुमित का तो पुराना दोस्त था ही, तन्वी भी सुमित के ज़रिये उसकी दोस्त हो गयी थी। सुमित और तन्वी आपस में एक दूसरे पर जान छिड़कते थे। दोनों के प्यार की पहली पंक्ति कॉलेज फेस्टिवल में लिखी गयी थी। कॉलेज के फेस्ट में सुमित ने 'ओ साथी रे, तेरे बिना भी क्या जीना.....' गाकर आग लगा दी थी। हल्की सर्दी और पूरे चाँद में इस गाने का जादुई प्रभाव हुआ। उसके बाद तन्वी ने सोलो गाया - 'अजनबी कौन हो तुम, जब से तुम्हे देखा है.. '
इस गाने ने सुमित को दीवाना बना दिया और वो अगले ही दिन तन्वी से दोस्ती का निवेदन कर बैठा। बेशक कुछ अरसा बाद ये दोस्ती झीने अपनापे और फिर प्रगाढ़ प्रेम में बदल गई।
पर जितनी जल्दी ये प्रेम शुरू हुआ था उतनी ही जल्दी समाप्त भी हो गया। सुमित दिल लेने और देने में शायद व्यापारी किस्म का आदमी था। तन्वी के बाद उसने छिपे छिपे ही केतकी को भी दिल दे दिया। कई दिनों तक वो दोनों के साथ फ़रेब का खेल खेलता रहा पर एक बार तन्वी उन दोनों के रोंदेवू पर पहुँच गयी। तन्वी कई दिनों से ऐसा कुछ सेंस कर रही थी, आखिर इश्क़ और मुश्क़ छिपाए जो नहीं नहीं छिपते।  सुमित का उस दिन डबल ब्रेक अप हुआ था। तन्वी और केतकी दोनों से।
वहीं अनंग उसके सुमित और तन्वी की लाइफ में आये इस भूकंप से अनजान लाइब्रेरी में रामानुजन के प्रमेय को समझने में लगा हुआ था। उसे गणित के अमूर्त सपने आने लगे थे। जो सपने स्टूडेंट्स को डराते थे वे ही सपने अनंग को थपकियां दे। ऐसे में अचानक लाइब्रेरी में तन्वी आई और किताबों से घिरी एक तंग गली में अनंग के सामने रोने लगी। तन्वी को अनंग थोड़ा कम दुनियादार ज़रूर लगता था पर उसमें दुसरे की बुराई करना, मज़ाक उड़ाना जैसे दुर्गुण नहीं थे और वो अपने अनुभव से जानती थी कि अनंग को अपने मन की बात कहना मतलब उसे लॉकर में सुरक्षित रखना है। उससे अपने दिल की बात साझा की जा सकती है। उससे राज़ कहना पहाड़ को अपनी बात साझा करने जैसा नहीं था जो पूरी दुनिया को कई बार ईको करके कह देता है।  बल्कि उससे अपनी सबसे गहरी बात कहना, जैसे समंदर को अपनी बात कहना है। कि जिस तरह उसके भीतर और अनंत विस्तार में सब कुछ घुल जाता है।
तन्वी ने सारी बातें अनंग को बता दीं। अनंग कुछ नहीं बोला। तन्वी जानती थी कि अनंग इतना जल्दी जजमेंटल नहीं होता। उसकी ये बात भी उसे अच्छी लगती थी। वो एक परफेक्ट दोस्त था।  उसके बाद अनंग तन्वी को कॉफ़ी पिलाने ले गया। इस बात को कई दिन हो गए। एक दिन अचानक अनंग तन्वी को फ़ोन करके बोला ' तुम्हारे साथ सज्जनगढ़ जाना चाहता हूँ। तुम सुबह साढ़े 11 बजे मुझे महाकाल मंदिर के गेट पर मिलो वहां से मेरी बाइक पर चलेंगे। आज कॉलेज बंक करते हैं। ' तन्वी को लगा कि अनंग ज़रूर कोई अपने मन की बात शेयर करना चाहता है। ऐसे में उसका साथ देना चाहिए। यद्यपि अनंग इस तरह की पहल के लिए जाना नहीं जाता था पर तन्वी को इसमें कुछ भी अटपटा नहीं लगा। सुमित से उसके ब्रेकअप के बाद अनंग ही उसका सच्चा दोस्त था। उसने तुरंत हाँ कह दी। मानसून पैलेस के लिए चढ़ाई वाली सड़क पर अनंग ने कुछ ही दूरी पर बाइक रोक दी। उसने अपना मोबाइल स्विच्ड ऑफ कर जेब में रख दिया, फिर तन्वी से कहा 'मुझे कुछ बुख़ार सा लग रहा है अगर थोड़ी देर बाइक तुम चलाओ।'
 तन्वी को इसमें भी कुछ ख़ास अजीब नहीं लगा। रास्ते में अनंग बार बार उससे चिपकने लगा तो तन्वी ने उसे आराम से बैठने को कहा ताकि उसका बैलेंस न बिगड़े।  वो बोला उसे बुख़ार परेशान कर रहा था।
बहुत सारी तीखी चढ़ाइयों के बाद बाइक ऊपर पहुंची। बाइक को पार्किंग स्पेस में खड़ी कर वे दोनों पैलेस के लॉन में लगी बेंच पर काफी देर बैठे रहे। तन्वी ने अनंग से पूछा तो उसने कुछ ख़ास बताया नहीं। हालाँकि ऐसा लगा कि वो कुछ कहना चाहता है। तन्वी को लगा अनंग ज़रूर किसी बात को लेकर परेशान है। उसने पूछा - ' घर में सब ठीक तो है ?' वो कुछ नहीं बोला। कुछ देर बाद दोनों उठ गए।  बाइक अब लौटते रास्ते की ढलान पर उतर रही थी। नीचे आकर अनंग फ़िर एक ज़िद करने लगा। लेमन टी पी जाय। तन्वी को लग गया कि अनंग के भीतर जो बात अटकी है, जिसे वो कहना भी चाहता है और कह भी नहीं पा रहा, इस खींचातानी से शायद लेमन टी उसे छुटकारा दिला दे।  उसने हामी भर दी और वे दोनों लेमन टी के लिए रुक गए।
लेमन टी कुछ ज़्यादा ही खट्टी थी। अनंग ने खट्टेपन से बिगड़ते मुंह के आकार की परवाह न करते हुए, भरसक ताक़त बटोर कर उससे प्रेम निवेदन करदिया।
तन्वी भौचक्की रह गयी। उसने अनंग के साथ इस तरह के अंतरंग संबंधों के बारे में कभी सोचा न था। वो उसमें एक प्यारा दोस्त और अच्छा इंसान देखती थी, पर एक प्रेमी के तौर पर वो कभी उसके ख्यालों में नहीं आया था। 

उसने अनंग का प्रस्ताव अस्वीकार कर लिया। बिना कोई कारण, तर्क या सफ़ाई के। ये सिंपल और प्लेन रिजेक्शन था।

अनंग ने उसके जाने के बाद एक और नीम्बू चाय पी और अपना मोबाइल पुनः ऑन कर दिया। अब उसके लिए वापसी का ठिकाना सीधा घर ही था। और उसके बाद सुमित। तन्वी को डिच करने के बाद अनंग सुमित से नाराज़ ज़रूर हुआ था पर  दोनों की दोस्ती बनी रही थी। उनकी दोस्ती एक स्वतंत्र एंटिटी थी जो अपने इतिहास में उन दोनों के बचपन तक जाती थी। और एक बात ये भी थी कि तीनो में कोई प्रेम त्रिकोण नहीं बना था। अनंग ने जब तन्वी को प्रेम का निवेदन तब सुमित उसकी लव लाइफ से निकल चुका था।

अनंग काफी देर बाइक से टिक कर खड़ा रहा और ख़ामोशी से अपने ठीक पास से निकलती दुनिया को देखता रहा। उसका दिमाग़ कुछ देर बाद कई जालों से मुक्त हो चूका था। उसे गलती साफ़ महसूस हुई। किसी लड़की से दोस्ती की तार्किक परिणति प्यार में हो ये ज़रूरी नहीं। बल्कि दोनों अलग चीज़ें हैं।  



वो घर से चाय पीकर सीधा सुमित की दुकान पर गया।  सुमित उसका दोस्त , जो उसके लिए सुबह से परेशान था।  उसकी शहर के भीतरी हिस्से में मनिहारी की दुकान थी। चूड़ियां, लिपस्टिक, बिंदी, आई लाइनर, औरतों के अन्य सामान। उसकी दुकान पर महिलाओं की रेलमपेल लगी रहती थी। दिन में उसके पिताजी और बड़े भाई  दुकान सँभालते थे और कॉलेज से छूटने पर वो भी दुकान में आकर उनका हाथ बांटता था। उसके आने से उसके पिताजी और भैया थोड़े फ्री हो जाते थे। वे दुकान छोड़कर थोड़ा रिलैक्स होने इधर उधर भी चले जाते थे।
अनंग के दुकान पर आते ही सुमित ने उसे दोस्ती वाली ख़ूब सारी  गालियां दीं। आज के  दिन का  न जाने क्या असर था कि थोड़ी ही देर में सुमित उससे गले लग कर रोने लगा।  उसने स्वीकार किया कि उसने तन्वी का जो प्यार खोया है उसका ज़िम्मेदार सिर्फ़ और सिर्फ़ वो ख़ुद है। "क्या मैं तन्वी का दोस्त बन सकता हूँ ? वैसे तो मैं
उसकी दोस्ती का भी हक़दार नहीं।  इस पर अनंग ने तुरंत प्रत्युत्तर में कहा-
 " दोस्ती और प्यार दो अलग अहसास है। ऐसा नहीं है कि दोस्ती से एक सीढ़ी ऊपर चढ़े तो प्यार पर पहुँच गए और प्यार से जब मर्ज़ी नीचे उतरे और दोस्ती पर पहुँच गए। हाँ, कई बार दोस्त से प्यार हो जाता है पर तब हम दोस्त और प्रेमी दोनों होते हैं " अनंग ने गणित का विद्यार्थी होकर भी अपना दर्शन सामने रखा और फिर सुमित से निर्णायक स्वर में बोला -  "तुम तन्वी के दोस्त कभी नहीं थे। वो तुमसे बहुत बहुत प्यार करती थी पर तुम उसे डिज़र्व नहीं करते"

ये स्वर इतना निर्णायक और अंतिम था कि कुछ देर दोनों में संवाद जैसा कुछ बचा ही नहीं। पर अंततः उनके भीतर की दोस्ती और अपनापे ने फिर से माहौल पर अपना अधिकार जमा लिया। दोनों ने खूब बातें की, गले मिलना हुआ। चाय नाश्ता हुआ और फिर विदा हुए।


अगले दिन अनंग ने तन्वी को टेक्स्ट किया -
" कल के लिए माफ़ी। क्या हम अब भी दोस्त बने रह सकते है?
कई देर तक तन्वी का कोई मैसेज नहीं आया। फिर लम्बी प्रतीक्षा के बाद तन्वी की तरफ से बहुत संक्षिप्त सन्देश आया -

" दोस्ती ज़िंदाबाद "

2 comments:

  1. ब्लॉग बुलेटिन की दिनांक 22/02/2019 की बुलेटिन, " भाखड़ा नांगल डैम" पर निबंध - ब्लॉग बुलेटिन “ , में आप की पोस्ट को भी शामिल किया गया है ... सादर आभार !

    ReplyDelete